Rampur News: आजम-अब्दुल्ला की जमानत अर्जी पर नहीं हुई सुनवाई
रामपुर। जौहर यूनिवर्सिटी में नगर पालिका की सफाई मशीन बरामद होने के मामले में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई नौ नवंबर को होगी।
सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दोस्त सालिम और अनवार की निशानदेही पर पुलिस ने पिछले साल सितंबर जौहर यूनिवर्सिटी से रामपुर नगर पालिका की रोड क्लीनर मशीन बरामद की थी। यह मशीन यूनिवर्सिटी कैंपस में गड़्ढा खोदकर दबाई गई थी। इस मामले में भाजपा नेता बाकर अली खां की ओर से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम व अनवार व सालिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपी अनवार व सालिम को जमानत मिल चुकी है। इस मामले में आजम और अब्दुल्ला की ओर से अग्रिम जमानत दाखिल की गई थी, जिसे कोर्ट ने सात अक्तूबर को खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने स्थायी जमानत के लिए सेशन कोर्ट में याचिका दाखिल की। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई सोमवार को होनी थी, लेकिन एक अधिवक्ता के निधन की वजह से अधिवक्ताओं ने काम नहीं किया और सुनवाई टल गई। अब इस मामले की अगली सुनवाई नौ नवंबर को होगी। दूसरी ओर आजम के खिलाफ दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में भी सुनवाई नहीं हो सकी।
अधिवक्ता का निधन, कार्य से विरत रहे वकील
रामपुर। अधिवक्ता इफ्तेखार अली का बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन की सूचना के बाद सोमवार को वकीलों ने न्यायिक कार्य नहीं किया। इस दौरान वकीलों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामलाल, महासचिव अशोक कुमार पिप्पल, मुस्तफा अहमद, सत्यपाल सैनी आदि मौजूद रहे।