रामपुर

Rampur News: अब सिविल लाइंस और गांधी समाधि के पास भी बनेगा पीएम स्वनिधि गलियारा

Connect News 24

रामपुर। ज्वालानगर की तर्ज पर सिविल लाइंस और गांधी समाधि के पास भी प्रधानमंत्री स्वनिधि गलियारा बनाया जाएगा। जहां फल, सब्जी विक्रेताओं के अलावा अन्य रेहड़ी पटरी के दुकानदारों को समायोजित किया जाएगा। इसके लिए शहर विधायक आकाश सक्सेना के निर्देश के बाद नगर पालिका की ओर से जमीन चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है।शहर के प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या अधिक हो गई है। अतिक्रमण के अतिरिक्त इसका सबसे बड़ा कारण जगह-जगह फल-सब्जियों के ठेले लगे होना है। हर गली में ऐसा हाल देखा जा सकता है। वहीं, जाम की वजह से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें होती हैं। कुछ ऐसा ही नजारा पूर्व में ज्वालानगर का भी था, लेकिन प्रधानमंत्री स्वनिधि गलियारा बनने के बाद यह समस्या पूरी तरह से खत्म हो गई और रेहड़ी पटरी के दुकानदारों को भी अच्छी जगह मिल गई। जिसके बाद पिछले दिनों रामपुर आए मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने प्रदेश के सभी जिलों में ऐसे ही गलियारे बनाने को कहा था।

शहर विधायक आकाश सक्सेना ने इसके बाद नगर पालिका को जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद नगर पालिका ने यह काम शुरू कर दिया है। नगर पालिका के अफसरों के अनुसार विधायक की मंशा के अनुरूप गांधी समाधि और सिविल लाइंस में कूड़ा डलाव वाले मैदान में प्रधानमंत्री स्वनिधि गलियारा बनाया जाएगा। जिसमें सभी प्रकार के फल-सब्जी विक्रेताओं के साथ ही फूड स्टॉलों को भी स्थान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे दो फायदे होंगे। एक तो रेहड़ी पटरी के दुकानदारों को स्थाई जगह मिल जाएगी और दूसरा शहर के मार्गों में जाम की समस्या कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी कुछ दिनों में ही रेहड़ी पटरी के दुकानदारों से आवेदन लेने शुरू कर दिए जाएंगे।

-हमारा लक्ष्य है कि हर रेहड़ी पटरी के दुकानदारों को सुरक्षित स्थान मिल सके। ताकि, वे भी सम्मान के साथ अपना कार्य कर सकें और लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।

-आकाश सक्सेना, शहर विधायक

-शहर विधायक के निर्देश के बाद नगर पालिका की ओर से दो और प्रधानमंत्री स्वनिधि गलियारे बनाए जाएंगे। इसके लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। जल्द ही रेहड़ी पटरी के दुकानदारों से आवेदन लेने शुरू किए जाएंगे।

-दुर्गेश्वर त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button