रामपुर

Rampur News: रोडवेज बसों का मार्ग बदलने से परेशान हुए यात्री, आज खुल जाएगा हाईवे

Connect News 24

रामपुर। कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर रविवार सुबह आठ बजे से बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर रोडवेज बसों का संचालन भी बंद कर दिया गया। रूट डायवर्जन की वजह से समय अधिक लगने के साथ किराया भी बढ़ गया, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। हाईवे की एक लेन पर कांवड़िये और दूसरी लेन पर कार, बाइक समेत हल्के वाहन चल रहे हैं। सोमवार रात आठ बजे के बाद हाईवे सभी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू है। इसमें ट्रक, लोडर, डीसीएम व अन्य प्रकार के भारी वाहनों को हाईवे से न गुजारकर बदले रूट से निकाला जा रहा है। हालांकि, यात्रियों की सहूलियत के लिए रोडवेज बसों को छूट दी गई थी। बसें हाईवे से ही गुजर रही थीं। हालांकि, कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए रविवार सुबह आठ बजे से रोडवेज बसों का हाईवे पर आना-जाना बिल्कुल बंद कर दिया।

बसों को बदले हुए मार्ग से गुजारा गया। बरेली-मुरादाबाद जाने वाली बसें शाहबाद होकर गुजारी गईं। बस स्टैंड पर आने वाली बसें शहर के अंदर न आकर शहजादनगर बाईपास से होकर आईं। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि सोमवार रात आठ बजे के बाद हाईवे सभी प्रकार के हल्के-भारी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

इन रूटों से गुजर रहे भारी वाहन

-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली जा रहे है।

-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा है।

-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा जा रहा है।

-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे जा रहे हैं। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर आ रहे हैं।

-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा जा रहा है। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजारे जा रहे हैं। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर जा रहे हैं।

-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button