बदायूं

Budaun News: मेडिकल कॉलेज के चूहे-कॉकरोच भगाएगी लखनऊ की कंपनी

Connect News 24

Lucknow's company will drive away rats and cockroaches from the medical college

राजकीय मेडिकल कॉलेज।

बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीज के अंग कुतरने की घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने लखनऊ की एक कंपनी की सेवा लेने का निर्णय लिया है। पेस्ट एंड रोडेंट नाम की कंपनी के कर्मचारी चूहा, काॅकरोच और दीमक आदि को मारकर दूर भगाएंगे। साथ ही कॉलेज में मरीजों, अभिलेखों और मशीनों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करेंगे। कहां पर क्या इंतजाम किए जाएंगे, यह सब कंपनी के अधिकारी ही देखेगी।

राजकीय मेडिकल कॉलेज में 19 जुलाई को आईसीयू में भर्ती मरीज रामसेवक गुप्ता के अंग चूहे ने कुतर दिए थे। हालांकि शुरुआत में आईसीयू में तैनात स्टाफ नर्सों ने मामले को दबाने की कोशिश की थी और चुपचाप मरीज के अंगों पर मरहम-पट्टी कर दी थी। जब परिजनों ने मरीज के अंगों पर पट्टी बंधी देखी थी तो उन्होंने कारण पूछा था। इस दौरान मरीज के तीमारदारों ने हंगामा कर दिया था।

यह मामला काफी चर्चित हुआ। शासन से भी इसकी रिपोर्ट मांगी गई। बहरहाल स्टाफ नर्सों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। उन्हें केवल आईसीयू से हटाकर हड्डी और टीबी वार्ड में भेज दिया गया है। इधर, कॉलेज प्रशासन ने चूहों का इंतजाम करने के लिए लखनऊ की एक पेस्ट एंड रोडेंट कंपनी से संपर्क साधा है। प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति ने कंपनी के अधिकारियों से भी बात की है।

निर्माण निगम को दिए मलबा हटाने के निर्देश

कॉलेज प्रशासन ने निर्माण निगम को मलबा हटाने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि अभी भी राजकीय मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन है। अभी यह बिल्डिंग कॉलेज प्रशासन को हैंडओवर नहीं हुई है। इससे जहां-तहां मलबा पड़ा हुआ है। उस मलबे में कीड़े मकोड़े पनप रहे हैं। तमाम बड़े-बड़े चूहे हो गए हैं, जो मलबे से निकलकर पूरे कॉलेज में घूमते रहते हैं। प्राचार्य ने निर्माण निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द मलबा हटाने को कहा है।

कॉलेज में चूहा, काकरोच और दीमक आदि से छुटकारा पाने के लिए लखनऊ की एक पेस्ट एंड रोडेंट कंपनी से बात की है। कंपनी की टीम यहां आएगी। पहले टीम पूरे कॉलेज का सर्वे करेगी। कॉलेज में पता लगाएगी कि यहां चूहा, काकरोच और दीमक आदि कहां-कहां पर हैं। उनसे कॉलेज की बिल्डिंग, मरीजों, अभिलेखों और मशीनों की कैसे सुरक्षा की जाए। यहां से चूहों, काॅकरोच आदि को भगाने का इंतजाम करेंगे। – डॉ. एनसी प्रजापति, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button