Rampur News: जमीन पर कब्जा करने के मामले में दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बिलासपुर (रामपुर)।
कोतवाली पुलिस ने जबरन जमीन पर कब्जा करने, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने व ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने के प्रयास के आरोप में कोर्ट के आदेश पर सात नामजद व तीन अज्ञात समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हजरतपुर निवासी महेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि ग्राम रम्पुरा निवासी सुखविंदर सिंह की ग्राम लालपुर में खेती की जमीन है। जिसकी वह देखभाल करता है। 14 अगस्त को ग्राम जाफराबाद निवासी प्रदीप सिंह, कुलविंदर कौर, सुखपाल सिंह, गुरदेव सिंह, ग्राम केशगढ़ निवासी चरन सिंह व उत्तराखंड के रुद्रपुर आवास विकास निवासी जसविंदर सिंह, अभजोत सिंह और तीन अज्ञात लोग खेत पर पहुंचे। यहां सभी ने मिलकर खेत में खड़े धान को जोतकर नष्ट कर दिया । जब उसने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। साथ ही ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी 50 कट्टे यूरिया, जनरेटर व खेती में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी को ट्राॅली में लादकर लूटकर ले गए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।