Rampur News: स्कूली बस सीज, बच्चों को घर छोड़कर आया सिपाही
रामपुर। परिवहन विभाग ने शुक्रवार को भी स्कूली वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। शुक्रवार को दोपहर में विभाग ने फिटनेस न होने पर एक स्कूली बस को सीज कर दिया। बस के चालक को उतारकर सिपाही खुद को बस चलाते हुए बच्चों को उनके घर छोड़कर आया। वहीं बिना परमिट दौड़ रहे 15 ई-रिक्शा भी जब्त कर लिए गए। बदायूं में स्कूली वैन से हादसे में चार बच्चों की मौत के बाद से परिवहन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। जिले में रोजाना स्कूली बसों को चेक किया जा रहा है। शुक्रवार को भी परिवहन विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो दर्जन से ज्यादा स्कूली वाहनों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान बिलासपुर के मिल्टन स्कूल की बस की फिटनेस पूरी नहीं मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर दिया गया।
बस में बैठे बच्चों को सिपाही ने खुद बस चलाते हुए उनके घर तक पहुंचाया। इसके बाद बस को एआरटीओ कार्यालय में ले जाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद कई बच्चों को लेकर जा रहे 15 ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया गया। इन ई-रिक्शा का पंजीकरण नहीं था। एआरटीओ रंजीत कुमार ने बताया कि स्कूली वाहनों की फिटनेस चेक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। फिटनेस न मिलने पर कार्रवाई की गई है।