Rampur News: शिवसेना प्रमुख हत्याकांड में नहीं पहुंचा गवाह
रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शिवसेना नेता की गोली मारकर हत्या कर देने के मामले में शुक्रवार को एडीजे छह कोर्ट में सुनवाई हुई,लेकिन गवाह के न पहुंचने पर सुनवाई टल गई।
शिवसेना के पूर्व जिला संयोजक अनुराग शर्मा की 20 मई 2020 को घर के निकट गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रात करीब साढ़े आठ बजे अनुराग शर्मा के घर से बाहर आकर आगापुर मार्ग पर टहल रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान चार लोग दो बाइकों पर सवार होकर आए और अनुराग के काफी करीब से गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। शिवसेना नेता की हत्या की सूचना से उस वक्त हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बाद में विवेचना के दौरान चार आरोपियों के नाम सामने आने पर शामिल किए गए थे। इस मामले में पुलिस ने छत्रपाल यादव, पवन यादव, हिमांशु उर्फ बाबू और राजकिशोर उर्फ धूरिया को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। पुलिस ने इस मामले में अनुराग शर्मा की पत्नी शालिनी शर्मा समेत कुल 27 गवाह बनाए हैं। अब इस मुकदमे की सुनवाई में भी तेजी आ गई है।छह गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं। शुक्रवार को इस मामले की एडीजे छह शमीम अहमद अंसारी की कोर्ट में सुनवाई हुई। लेकिन गवाह के कोर्ट न पहुंचने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी।