Rampur News: ग्रामीणों की शिकायत पर जिले से आई टीम ने की सड़क की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 19 Aug 2023 01:36 AM IST
बिलासपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने ग्रामीणों की शिकायत पर निर्माणाधीन बिलासपुर नैनीताल हाईवे से बंगाली कॉलोनी होते हुए अहरो जाने वाली रोड की शुक्रवार को जिला मुख्यालय से टीम भेजकर जांच कराई। जांच के दौरान तमाम ग्रामीणों ने टीम के सामने निर्माणाधीन एजेंसी पर तमाम आरोप-प्रत्यारोप लगाए। उपजिलाधिकारी अमन देओल ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी जाएगी।
ग्राम गोकुल नगरी, मानपुरओझा आदि गांव के लोगों ने डीएम से शिकायत की थी कि नैनीताल हाईवे बंगाली कॉलोनी मोड़ से मानपुर ओझा होते हुए ग्राम अहरो की तरफ जाने वाली रोड का निर्माण कार्य एक संस्था के द्वारा किया जा रहा है। उनका आरोप था कि संस्था द्वारा निर्माण कार्य में बेहद घटिया सामग्री इस्तेमाल की जा रहा है। जो समय से पहले ही सड़क उधड़ जाएगी। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र स्तर के मंत्री पहले इस सड़क का उद्घाटन भी कर चुके हैं, लेकिन निर्माण संस्था के कर्मचारी उक्त सड़क में घटिया सामग्री इस्तेमाल कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से पीडब्ल्यूडी की गठित पांच सदस्य टीम शुक्रवार की दोपहर उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से बातचीत भी की। ग्रामीणों ने तमाम गंभीर आरोप लगाए। एसडीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी जाएगी। टीम में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के सुरेंद्र निगम, जेई विनोद मौर्य, पीडब्ल्यूडी के केबी सिंह, आरडीए के इं. अयोध्या प्रसाद आदि मौजूद रहे।