Rampur News: सावन का सातवां सोमवार आज, महादेव के जयकारों से गूंजेंगे शिवालय
रामपुर। सावन के सातवें सोमवार पर सुबह से बम-बम भोले के जयकारों से शिवालय गुंजायमान होंगे। सुबह से ही मंदिरों में गंगा घाटों से कांवड़ लेकर आए कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे, वहीं अन्य श्रद्धालु भी भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे। इसको लेकर मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। शिवलिंग का आकर्षक रूप से श्रृंगार हुआ है।
प्राचीन शिव मंदिर पंजाबनगर, रठौंडा और भमरौआ में सोमवार पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। इसको लेकर मंदिर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर में विशेष रूप से साफ-सफाई कर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था दुरुस्त की गई है। इसके साथ ही मंदिर परिसर के बाहर मेले भी लगाए गए हैं।
शहर में आवास विकास, सिविल लाइंस और ज्वालानगर स्थित शिव मंदिरों पर रविवार को साफ-सफाई कर शिवलिंग को आकर्षक रूप से सजाया गया। प्राचीन शिव मंदिर कोसी मार्ग पर भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष तैयारियां करते हुए मंदिर को फूल मालाओं से सजाया गया है। मंदिर के पुजारी विष्णु शर्मा ने बताया कि मंदिर में सुबह से जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। दोपहर में भंडारे का आयोजन होगा।