Rampur News: बहनों ने धरनास्थल पर किसान भाइयों को बांधी राखी
रामपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष अजय बाबू गंगवार के नेतृत्व में नौवें दिन भी किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन केमरी की राइस मिल पर हुआ। मिल पर बकाया दिलाने की मांग को लेकर किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को धरनास्थल पर पहुंचकर बहनों ने किसान भाइयों को राखी बांधी। किसानों को जिलाध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि जब गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन चला तो सभी त्योहार वहीं मनाए थे। वैसे ही केमरी में राइस मिल पर धरना चल रहा है और रक्षाबंधन का त्योहार भी हम यहीं मना रहे हैं। बुधवार को कई बहनों ने धरनास्थल पर पहुंचकर अपने भाइयों को राखी बांधी। कुछ बहनें बृहस्पतिवार को राखी बांधने पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि किसानों का भुगतान न होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से केमरी में चलेगा।
उन्होंने किसानों का पैसा दिलाने के साथ ही मिल की नीलामी में दोषियों पर कार्रवाई की भी मांग की। धरने पर ठाकुर लक्ष्मी चौहान, शेरु गंगवार, मनजिंदर सिंह गिल, हरद्वारी लाल, सतेंद्र गंगवार, मोहन लाल, राम स्वरूप, अफजाल अहमद, अनोखे लाल, बालकिशोर पांडेय आदि मौजूद रहे।