Rampur News: यूनिवर्सिटी के लिए दी गई थी जमीन, चलाने लगे सपा कार्यालय
रामपुर। जौहर ट्रस्ट को मुर्तजा स्कूल की जमीन लीज पर मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के संचालन के दी गई थी। लीज की शर्तों में इस बात का उल्लेख था कि आवंटन के एक साल के अंदर इस जमीन पर यूनिवर्सिटी के संचालन के लिए निर्माण कराया जाएगा, लेकिन ट्रस्ट के अध्यक्ष आजम खां ने यहां पर सपा का कार्यालय शुरू कर दिया। बाद में रामपुर पब्लिक स्कूल का संचालन शुरू किया तो खाली पर जमीन पर नया सपा कार्यालय बना लिया, जिसे नाम दारूल आवाम दिया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शासन को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में इस तथ्य का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि लीज पर दी गई जमीन पर नियम विरुद्ध तरीके से सपा के कार्यालय और रामपुर पब्लिक स्कूल का संचालन किया जा रहा है, जो लीज की शर्तों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि लीज यह बात भी शामिल है कि शर्तों का उल्लंघन किए जाने पर आवंटन निरस्त हो जाएगा। साथ को जमीन पर निर्मित निर्माण को हटाने और इसके बदले में प्रतिकर करने का अधिकार भी नहीं होगा। इस रिपोर्ट के आधार पर जौहर ट्रस्ट को दिए गए पट्टे को निरस्त करने का फैसला कैबिनेट ने लिया है।