Rampur News: अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी का वेतन रोका, दो बीडीओ को नोटिस जारी

रामपुर। मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में जल संचयन के कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायताें पर नियुक्त रोजगार सेवकों को पोस्ट मानसून डाटा एकत्रित किए जाने के निर्देश जारी किए गए थे। जिसमें शाहबाद ब्लॉक की प्रगति कम पाए जाने पर वहां के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को उपायुक्त मनरेगा ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
शाहबाद ब्लॉक की 117 ग्राम पंचायतों में पोस्ट मानसून का डाटा एकत्रित होना था। इसमें समीक्षा के दौरान यह सामने आया है कि केवल तीन ग्राम पंचायतों में चार कुओं का जलदूत एप के माध्यम से डाटा फीड किया गया है। इस न्यूनतम प्रगति पर ब्लॉक पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अनुज कुमार का नवंबर माह का वेतन रोक लिया गया है। साथ ही दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
खंड विकास अधिकारी नरेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर अतिशीघ्र डाटा एकत्रित करने के निर्देश जारी किए हैं। दूसरी ओर चमरौआ ब्लॉक में महिला मानव दिवस के कम सृजन पर वहां के खंड विकास अधिकारी नेमचंद को चेतावनी पत्र जारी हुआ है। मनरेगा के अंतर्गत मानव दिवस सृजन की समीक्षा में महिला मानव दिवस सृजन का प्रतिशत 14.97 रहा है। जबकि कम से कम 20 प्रतिशत महिला मानव दिवस सृजित करने के निर्देश हैं। ऐसे में लापरवाही पर मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल की ओर से खंड विकास अधिकारी नेमचंद को चेतावनी पत्र जारी करते हुए इसमें सुधार करने के निर्देश दिए हैं।