Rampur News: फर्जी जाति प्रमाण पत्र लगाकर फंसा शिक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 26 Aug 2023 11:40 PM IST
रामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात सामान्य वर्ग के एक शिक्षक ने पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण लगाकर नौकरी पा ली। शिकायत होने पर तहसीलदार ने जांच की तो शिक्षक का जाति प्रमाण पत्र फर्जी निकला। इस पर बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षक को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा है। शिक्षक का वेतन बाधित कर दिया गया है।
बिलासपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय चामरान पर तैनात सहायक अध्यापक फरहद अहमद की नियुक्ति वर्ष 2018 में हुई थी। नियुक्ति के समय उन्होंने पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण पत्र लगाया था। बीते दिनों तहसील दिवस में शिक्षक के जाति प्रमाण पत्र को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत में कहा गया कि शिक्षक सामान्य वर्ग से है। उन्होंने गलत तरीके से जाति प्रमाण पत्र बनाकर आरक्षण कोटे से नौकरी हासिल की है। जिसके बाद तहसीलदार ने इसकी जांच की। जांच में शिक्षक का जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। तहसीलदार ने शिक्षक फरहद अहमद का जाति प्रमाण पत्र निरस्त करते हुए रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है। इधर, बीएसए संजीव कुमार ने शिक्षक फरहद अहमद को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में उनका पक्ष जानना चाहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि तहसीलदार की ओर से शिक्षक का जाति प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया है। शिक्षक को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में उनका जवाब मांगा है।