Rampur News: उद्यमियों ने उठाया जर्जर तारों का मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 26 Aug 2023 11:38 PM IST
रामपुर। उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में जर्जर तारों का मुद्दा उठाया। उद्यमियों ने कहा कि क्षेत्र में जर्जर तारों की वजह से बिजली व्यवस्था गुल रहती है। आए दिन फाल्ट होते हैं, जिस पर सीडीओ ने इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि बिजली के जर्जर तारों को बदला जाए। उद्यमियों की समस्याओं का समाधान कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल की अध्यक्षता में शनिवार को उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देश दिए किए उद्योग बंधुओं से संबंधित प्रकरणों को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। बैठक में उद्यमियों ने विद्युत विभाग की ट्रिपिंग से संबंधित समस्याएं उठाईं। कहा कि आए दिन बिजली ट्रिपिंग हो रही है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। इसके साथ ही जर्जर तारों को बदले जाने की भी मांग रखी गई।
कहा कि औद्योगिक इलाकों में जर्जर तार लोगों की समस्या बने हुए हैं। इनको बदलवाया जाए। इस पर सीडीओ ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि जर्जर तारों को बदल लिया जाएं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाई के लिए विद्युत लाइन दुरुस्त होनी चाहिए, जिससे औद्योगिक इकाईयों का कार्य प्रभावित न हो सके। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।