Rampur News: नानकार गांव में चार घरों से लाखों की चोरी, रिपोर्ट
रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र के नानकार गांव में शनिवार रात को चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। चोर चारों घर से लाखों का सामान चोरी कर ले गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।नानकार निवासी ब्रजेश यादव ने बताया कि दीवार फांदकर चोर घर में दाखिल हुए और घर से पांच हजार की नकदी समेत कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही सुरेंद्र सागर के घर पर धावा बोल दिया, जहां से चोरों ने 22 हजार की नकदी समेत सामान को गायब किया है। जबकि एक छोटा बक्सा भी चोर साथ ले गए, जो बादगांव के पास गन्ने के खेत में मिला।राम सिंह के घर को निशाना बनाते हुए सीढ़ी के सहारे दाखिल हुए चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। जबकि गांव के ही वालिस्टर के घर दो लाख के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके बाद गांव के ही निवासी ऊधल के घर को निशाना बनाने की फिराक में थे, कि जोग हो जाने पर सभी भाग गए। घटना के बाद सूचना धमोरा चौकी पुलिस को दी गई। इस पर पहुंचे शहजादनगर थाना प्रभारी विनय कुमार, सीओ मिलक अनुज चौधरी मय फोर्स के साथ पीडितों के घर पहुंचे और घटना का मौका मुआयना किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।