रामपुर

Rampur News: आज सभी वाहनों के लिए खुल जाएगा हाईवे

Connect News 24

रामपुर। सावन के सातवें सोमवार पर जलाभिषेक के लिए रविवार को हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ी। बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर कांवड़िये डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। इसके चलते हाईवे पर रोडवेज बसों का संचालन बंद रहा। इस वजह से यात्री परेशान हुए। उनको गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। सोमवार को दोपहर में 11 बजे के बाद हाईवे सभी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

रविवार को कांवड़िये हाईवे की एक लेन में भगवान भोले के जयकारे लगाते हुए गुजरे। दूसरी लेन में बरेली व मुरादाबाद की तरफ से आने वाले कार, बाइक आदि हल्के वाहनों को गुजारा गया। हाईवे पर रोडवेज बसों का आवागमन पूरी तरह बंद रहा। बरेली व मुरादाबाद को जाने वाली बसें हाईवे से न गुजरकर अजीतपुर बाईपास से पटवाई वाया शाहबाद होकर गुजारी गईं। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि रविवार को कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने के बाद हाईवे पर रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। अन्य भारी वाहनों पर पहले से रोक थी। सोमवार को दोपहर में 11 बजे रूट डायवर्जन हटा दिया जाएगा। सभी प्रकार के हल्के-भारी वाहनों को हाईवे से गुजरने की अनुमति रहेगी।

इन मार्गाें से गुजरे भारी वाहन

-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली को गुजारे गए।

-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा।

-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा गया।

-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे गए। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा गया।

-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारे गए। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर निकाला गया। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजरे।

-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button