Rampur News: पालिका अधिकारी के नोटिस देने से नाराज हुए व्यापारी

रामपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल कोर कमेटी का एक प्रतिनिधि मंडल नगर के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दशरथ सिंह से मिला और व्यापारियों को नोटिस देने का विरोध किया। व्यापारियों का कहना है कि छोटे-मोटे व्यापारी को परेशान किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को जिला अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि रामपुर के अंदर गरीब और छोटे तबके का कारोबारी है। जहां पर छोटा-मोटा व्यापारी 200-300 रुपए कमाकर अपना गुजर-बसर करता है। आरोप लगाया कि नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रामपुर के अंदर अचानक अंधाधुंध नोटिस देकर व्यापारियों को धमकाया जा रहा है। उनसे नोटिस खत्म करने के नाम पर रिश्वतखोरी की जा रही है। कहा कि विभाग को पहले व्यापार मंडल को विश्वास में लेकर और व्यापारी को जागरूक करने के बाद कोई चेकिंग अभियान चलाना चाहिए।
बताया कि व्यापारियों को केवल एक दिन का समय देकर कार्यालय बुलाने के लिए थोक में नोटिस जारी किए गए हैं, उन नोटिस की समयावधि तुरंत कम से कम 15 दिन किया जाए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी दशरथ सिंह से बातचीत के बाद तय किया गया कि जो भी नोटिस व्यापारियों को दिए गए हैं जिसका समय बढ़ाकर 15 दिन कर दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री शाहिद शम्सी, नगर अध्यक्ष शोएब मोहम्मद खान, मुकेश आर्य, बिलाल शम्सी, चंद्र प्रकाश रस्तोगी, वरुण मिश्रा, जगन्नाथ चावला, हरीश अरोड़ा, हरीश शम्सी, उज्जैर अहमद, फैसल, हबीब शम्सी, शाकिब अहमद, वाजिद अली, प्रदीप खंडेलवाल, मोहसिन खान आदि मौजूद रहे।