Rampur News: दो केंद्र प्रभारी हटाए, डिप्टी आरएमओ समेत कई अफसरों को चेतावनी
रामपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने धान खरीद में बरती जा रही लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने डिप्टी आरएमओ, एआर कोऑपरेटिव, सभी मार्केटिंग इंस्पेक्टर के साथ-साथ पीसीएफ, पीसीयू और यूपीएसएस के जिला प्रबंधकों को भी स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं दो क्रेंद प्रभारियों को हटा दिया गया। जिला सहकारी बैंक के सभागार में धान खरीद को लेकर आयोजित बैठक में जिले में धान खरीद की प्रगति अत्यंत धीमी होने को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि हर दिन 10000 टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। साथ ही पंजीकृत किसानों के रकबे के सत्यापन को लेकर भी एसडीएम स्तर से गंभीरता होनी चाहिए। पंजीकरण के उपरांत सत्यापन के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
क्रय केंद्रों पर धान खरीद के उपरांत उठान कराने की जिम्मेदारी डिप्टी आरएमओ की है। इसके साथ-साथ किसानों का भुगतान भी समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। धान खरीद के लिए शासन स्तर से स्पष्ट गाइडलाइन है जिसका गंभीरता पूर्वक अनुपालन प्रत्येक अधिकारी के स्तर से होना चाहिए। उन्होंने ग्राम ककरौआ और कोयला में संचालित क्रय केंद्रों पर धान खरीद को लेकर घोर लापरवाही बरतने की पुष्टि पर गंभीरता दिखाते हुए तत्काल प्रभाव से संबंधित केंद्र प्रभारियों को हटाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जनपद में अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 15.7 फीसदी धान की खरीद हुई है जो लक्ष्य के सापेक्ष कम है।
उन्होंने डिप्टी आरएमओ और एआर कोऑपरेटिव को लगातार सक्रिय रहकर क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के भी निर्देश दिए शासन की प्राथमिकता वाले कार्य में किसी भी दशा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेमसिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।