Rampur News: दहेज को लेकर विवाहिता की मौत के मामले में दो और गिरफ्तार
रामपुर। टांडा क्षेत्र के गांव लांबाखेड़ा में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति को जेल भेजने के बाद आरोपी सास-ससुर को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाना भगतपुर क्षेत्र के गांव बिलाकूदान निवासी शाहिद ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उसने बहन फरजाना की शादी गांव लांबाखेड़ा निवासी व्यक्ति से 25 फरवरी को कराई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। शाहिद ने बताया कि एक जून को उसकी बहन का फोन आया और उसने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन उसे जान से मारने की धमकी दे रहे है। वहीं दो जून को उसके पास फोन आया कि उसकी बहन की ससुराल पक्षों के लोगों ने हत्या कर दी है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पति यूसुफ सहित नौ लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर की थी। मामले में शुक्रवार को सास आसमा और सुसर मोहम्मद यामीन को सीकमपुर चौराहे से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहीं पति यूसुफ की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।