Rampur News: मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, 24 पर निरोधात्मक कार्रवाई
रामपुर। भोट कस्बे में मंदिर की विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर कब्जे करने वाले मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के 24 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। भोट क्षेत्र में दुर्गा माता मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष के लोगों में विवाद चल रहा है। मंदिर पक्ष का वाद सिविल न्यायालय में विचारधीन है। दूसरे पक्ष ने किसी अन्य व्यक्ति को पार्टी बनाकर कोर्ट से कब्जे का आदेश ले लिया। बुधवार को दूसरे पक्ष के लोग जेसीबी व ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और विवादित भूमि पर कब्जा करने लगे। जिसका मंदिर पक्ष के लोगों ने विरोध किया तो दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कब्जा करने वाले खिसक गए। ग्रामीणों का कहना था कि तहसीलदार न्यायालय से दूसरे पक्ष का दाखिल खारिज भी निरस्त हो गया है। इसके बावजूद जबरन मंदिर की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। पुलिस ने दो लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार ने बताया कि विवादित जमीन में कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने का प्रयास की सूचना पर मौके पर जाकर ग्रामीणों को समझा दिया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। जबकि दोनों पक्ष के 24 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।