Rampur News: रामपुर में तैयार हुआ यूपी का सबसे बड़ा पीएम स्वनिधि गलियारा
रामपुर। रामपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा पीएम स्वनिधि गलियारा बनकर तैयार हो गया है। गलियारे में तीन सौ रेहड़ी व पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित कर उनको स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इस गलियारे का जल्द ही उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही है।
केंद्र सरकार की ओर से रेहड़ी-पटरी वालों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत दुकानदारों को पहली बार में दस हजार रुपये का ऋण मिलता है, जिसका भुगतान करने के बाद 20 हजार रुपये और उसका भुगतान करने के बाद 50 हजार रुपये का ऋण मिलने की सुविधा है।
रामपुर में ऋण दिलाने का काम तो पहले से ही चल रहा था। इसको लेकर शहर विधायक ने दिलचस्पी दिखाई और पीएम स्वनिधि योजना के तहत ज्वाला नगर में गलियारा बनवाने का प्रयास किया और यह सफल भी हुआ। शासन की मंजूरी के बाद इस गलियारे का निर्माण शुरू कराया गया। नगर पालिका की ओर से शेड डलवाने का काम शुरू किया गया। इस शेड के माध्यम से ठेले वालों को एक तरफ स्थापित किया गया, जिससे उन्हें एक निश्चित स्थान मिल गया।
करीब आधा किलोमीटर लंबे इस गलियारे में अब तक 300 रेहड़ी-पटरी वालों को स्थापित किया गया। स्वनिधि गलियारा ज्वाला नगर में शाहबाद रोड पर तैयार कराया गया है। इस गलियारे को बेहद ही खूबसूरत तरीके से तैयार किया गया है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार कराए गए इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन कराने की तैयारी की जा रही है।
हर शहर में गलियारा बनाने के दिए जा चुके हैं आदेश
ज्वालानगर में बनाए गए स्वनिधि गलियारे का निरीक्षण करने के लिए करीब तीन माह पहले खुद मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा रामपुर आए थे। वह इससे इतने प्रभावित हुए थे कि उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में ऐसे ही पीएम स्वनिधि गलियारे बनाने की बात कही थी।
सफाई के लिए फल और सब्जी विक्रेताओं ने रखे दो कर्मचारी
पीएम स्वनिधि गलियारे के निर्माण के लिए फल व सब्जी विक्रेताओं ने गलियारे की साफ-सफाई का जिम्मा खुद ले लिया है। उन्होंने इसके लिए दो सफाई कर्मी रखे हैं। ये सफाई कर्मी दिन में तीन बार झाड़ू लगाने का कार्य करते हैं। इसके अलावा बाकी समय में ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाते हैं।
ऋण लेकर शुरू किया कारोबार
पीएम स्वनिधि गलियारे में स्थापित दुकानदार योजना के तहत मिलने वाले ऋण का भी लाभ ले चुके हैं। करीब सौ दुकानदारों ने यह ऋण प्राप्त किया है। 50 दुकानदार 20 हजार और 28 दुकानदार 50 हजार रुपये के ऋण का लाभ ले चुके हैं।
पीएम स्वनिधि गलियारे का यह हुआ लाभ
-सभी फल और सब्जी विक्रेता एक ही कतार में निर्धारित स्थान पर शिफ्ट हो गए।
-ठेले वालों को जहां-तहां खड़ा नहीं होना पड़ता है।
-सभी फल विक्रेता एक तरफ और सब्जी विक्रेता एक तरफ शिफ्ट किए गए हैं।
-जगह को लेकर ठेले वालों के बीच आए दिन होने वाले झगड़े समाप्त हो गए।
बयान
– सब्जी व फल विक्रेताओं की दुकानों के लिए स्थायी जगह नहीं थी। कोई भी कहीं भी ठेले लेकर खड़ा हो जाता था, जिस कारण ज्वालानगर में जाम की समस्या होने लगी थी। विधायक बनने के बाद इन रेहड़ी-पटरी वालों को व्यवस्थित करने का काम शुरू किया, जिसमें सभी का सहयोग मिला। अब यह प्रदेश के सबसे बड़े पीएम स्वनिधि गलियारे के रूप में पहचान बना चुका है।
-आकाश सक्सेना, शहर विधायक
-ज्वालानगर की तर्ज पर शहर के सिविल लाइंस समेत बाकी इलाकों में भी पीएम स्वनिधि गलियारे निर्माण कराया जाएगा। साथ ही शहर की सभी तहसीलों में भी अलग-अलग गलियारे बनाए जाएंगे। इसका उद्देश्य रेहड़ी-पटरी वालों को व्यवस्थित करना है। – रविंद्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी।