Rampur News: सड़क मरम्मत में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगा ग्रामीणों ने किया हंगामा
बिलासपुर (रामपुर)।
सरवर नगर के ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत में घटिया सामग्री लगाए जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को हंगामा किया। इस दौरान करीब तीन घंटे मरम्मत कार्य रुका रहा। ग्रामीणों के हंगामा की सूचना पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता ने ठेकेदार को नियमानुसार मरम्मत कार्य करने को कहा।
पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से बिलासपुर-माटखेड़ा रोड से सरवर नगर गांव के लिए जाने वाले करीब आधा किलोमीटर जर्जर संपर्क मार्ग की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। सोमवार दोपहर करीब 11 बजे ग्रामीणों ने निर्माण कार्य कर रहे श्रमिकों पर रोड मरम्मत के नाम पर घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मरम्मत का कार्य रुकवा दिया। सूचना पर दोपहर करीब दो बजे पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि रोड मरम्मत के नाम पर बजरी में रेत के बजाय मिट्टी मिलाकर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, जो गलत है। अवर अभियंता ने निर्माण कार्य के ठेकेदार को फोन पर खरी-खोटी सुनाई और बेहतर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए। हंगामा करने वालों में डी पी रंधावा, रमन सिंह रंधावा, परविंदर सिंह, बलराज सिंह, गुरबीर सिंह, पवनदीप सिंह मुख्य थे।