Rampur News: शाहबाद के 29 बेसिक स्कूलों के परिसर और रास्तों में जलभराव
रामपुर। लगातार हो रही बारिश के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालयों के परिसर और रास्तों में जलभराव होने के कारण विद्यार्थी स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। हालांकि, विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने 29 बेसिक स्कूलों के परिसर और रास्तों में जलभराव की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शाहबाद विकासखंड क्षेत्र के मित्रपुर गांव के संविलियन विद्यालय में जलभराव होने के कारण विद्यार्थियों को मजबूरन वापस लौटना पड़ा। बुधवार को संविलियन विद्यालय में पंजीकृत विद्यार्थी 244 में से मात्र 40 विद्यार्थी ही विद्यालय पहुंचे। अधिकांश विद्यार्थी जलभराव देखने के बाद वापस लौट गए। 40 बच्चों को गांव के पंचायत घर में पढ़ाने की व्यवस्था ग्राम प्रधान इंजमाम-उल-हक द्वारा कराई गई। विद्यालय की प्रधानाध्यापक नीलम रावत, शिक्षक चंद्रभान सिंह, मधुसूदन चौहान, राजीव त्यागी ने बताया कि मुख्य मार्ग से काफी नीचे होने के कारण स्कूल में जलभराव हो रहा है।
बुधवार सुबह जब विद्यार्थी और शिक्षक पहुंचे तो पानी में एक सांप भी दिखाई दिया, जिससे बच्चे दहशत में आ गए। मित्रपुर गांव के विद्यालय के अलावा शाहबाद विकासखंड क्षेत्र में 28 ऐसे विद्यालय हैं, जहां पर विद्यालय के परिसर और रास्ते में जलभराव है। जिसके कारण छात्र स्कूल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बीईओ ने पीएल निरंकारी ने इसकी रिपोर्ट बीएसए को भेज दी है।
शाहबाद के खंड शिक्षा अधिकारी मित्रपुर गांव के विद्यालय में जलभराव की सूचना पर मौके पर जाकर निरीक्षण किया था। ब्लॉक क्षेत्र में 29 विद्यालय जलभराव से प्रभावित हैं। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अगर बारिश को देखते शासन से अवकाश घोषित होता है तो इस बीच विद्यालयों में काम भी कराया जाएगा।