रामपुर

Rampur News: प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Connect News 24

रामपुर। थाना क्षेत्र के थूनापुर स्थित एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म देने के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। रेफर करने के बाद मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव को वापस अस्पताल ले आए और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर हंगामा करने वालों को शांत किया।सोमवार दोपहर बाद थाना क्षेत्र के दरियागढ़ का मजरा गांव निवासी गजेन्द्र सिंह की पत्नी कंचन (21) को प्रसव पीड़ा हाेने पर थूनापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार देर शाम अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने नार्मल डिलीवरी से इंकार करने के बाद आपरेशन किया था। ऑपरेशन के बाद जच्चा ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। डिलीवरी होने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। महिला की हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने महिला को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया।

परिजन रात में ही महिला को मुरादाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजन मंगलवार सुबह महिला का शव लेकर थूनापुर स्थित निजी अस्पताल पहुंच गए व चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर हंगामा कर रहे परिजनों को शांत किया। वहीं परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इन्कार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए। इस दौरान थूनापुर स्थित निजी अस्पताल में करीब दो घंटे तक अफरा तफरी मची रही। थानाध्यक्ष निशा खटाना ने बताया कि महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत करा दिया गया था। वहीं मृतका के परिजनों द्वारा किसी भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया है और वह शव को लेकर अपने घर चले गए हैं।

प्रसूता की मौत के बाद गम में बदला खुशी का माहौल

परिजनों के अनुसार दरियागढ़ का मजरा गांव निवासी गजेन्द्र सैनी खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। एक वर्ष पूर्व ही उसकी शादी शहजादनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी कृष्ण पाल की पुत्री कंचन से हुई थी। सोमवार देर शाम महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने के बाद घर में खुशियां मनाई जा रही थीं। हर कोई एक-दूसरे को बधाई दे रहा था। वहीं कुछ देर बाद अचानक कंचन की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। मृतका के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। नवजात शिशु की हालत ठीक बताई जा रही है।

मायके वालों द्वारा कार्रवाई से इन्कार पर बैकफुट पर आए परिजन

उपचार के दौरान प्रसूता की मौत के बाद परिजनों संग तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए व अस्पताल प्रशासन पर उपचार के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का कहना था कि अस्पताल में खून की जांच के दौरान हीमोग्लोबिन कम आया था। बावजूद इसके डाॅक्टरों ने महिला का ऑपरेशन कर दिया। वहीं करीब दस बजे मृतका के मायके से भी लोग अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान मृतका के पिता समेत अन्य लोगों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इन्कार किए जाने पर परिजन बैकफुट पर आ गए। शव को अपने साथ घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button