Road Accident: शाहजहांपुर के दमगड़ा गांव में एक साथ जली नौ चिताएं, बिलख पड़ीं महिलाएं, हर आंख से बहे आंसू
दमगड़ा गांव के गमगीन लोग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सड़क हादसे में मदनापुर के दमगड़ा गांव के नौ लोगों की मौत हो गई थी। शुक्रवार को सपा नेताओं के पहुंचने के बाद परिजन शवों के अंतिम संस्कार से पहले मुआवजे की मांग करने लगे। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर अंतिम संस्कार कराया।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे बरेली फर्रुखाबाद हाईवे पर अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव सुगसुगी के सामने कंटेनर ने गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के ऑटो को रौंद दिया था। हादसे में दमगड़ा गांव के नौ लोगों और पड़ोस के लहसना गांव की दो महिलाओं व एक बच्चे की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।
शुक्रवार सुबह दमगड़ा गांव में परिजनों ने शवों के अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि पहले मुआवजा दिया जाए, तब अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस बीच पूर्व विधायक राजेश यादव और सपा नेता राजेश कश्यप कई कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और मुआवजा दिए जाने की मांग करने लगे।