VIDEO : शाहजहांपुर के दमगड़ा गांव में एक साथ जली नौ चिताएं, हर आंख से बहे आंसू
शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सड़क हादसे में मदनापुर के दमगड़ा गांव के नौ लोगों की मौत हो गई थी। शुक्रवार को सपा नेताओं के पहुंचने के बाद परिजन शवों के अंतिम संस्कार से पहले मुआवजे की मांग करने लगे। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर अंतिम संस्कार कराया। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे बरेली फर्रुखाबाद हाईवे पर अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव सुगसुगी के सामने कंटेनर ने गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के ऑटो को रौंद दिया था। हादसे में दमगड़ा गांव के नौ लोगों और पड़ोस के लहसना गांव की दो महिलाओं व एक बच्चे की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। दमगड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में एक साथ नौ अर्थियां उठी तो चीत्कार मच गया। हर किसी की आंखें नम हो गईं। अंत्येष्टि स्थल पर एक साथ नौ चिताएं जलीं। उधर, लहसना गांव तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।
