बेरहम टीचर: गेंद लगने पर आगबबूला हुई मैडम, जिसे पाया… उसे बेरहमी से पीटा; बच्ची बोली-पापा के सामने गला दबाया

शिक्षिका ने बच्चों को पीटा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में कंपोजिट विद्यालय किला में सोमवार दोपहर क्रिकेट खेल रहे बच्चों की गेंद लगने से नाराज सहायक अध्यापिका पूर्णिमा रस्तोगी ने डंडे से कई बच्चों को बेरहमी से पीट दिया। इसमें पांच बच्चों को ज्यादा चोट आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, यह जानकारी जब अभिभावकों को हुई तो कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने जाम लगा दिया।
पुलिस शिक्षिका को थाने ले आई। शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षिका को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है। शहर के किला कंपोजिट विद्यालय में 403 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तब्बसुम हयात इस वक्त मेडिकल लीव पर हैं। इस कारण उनका कार्यभार सहायक अध्यापिका पूर्णिमा रस्तोगी संभाल रही थीं।
सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्कूल में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। बताते हैं कि इस दौरान गेंद पूर्णिमा के सिर पर लग गई जिससे वह भड़क गईं। आरोप है कि शिक्षिका ने कक्षा छह के आरिश, शबनम और मोहम्मद सुबहान, कक्षा सात के अरहान, असरा, शुएब, रमजा, अफजाल और कक्षा आठ की अरीबा और राइना को डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
पिटाई से बच्चे दर्द के कारण रोने लगे। अभिभावकों को सूचना मिली तो वह स्कूल पहुंच गए। उन्होंने शिक्षिका से आपत्ति जताई। इस पर शिक्षिका की अभिभावकों से भी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस और बीएसए रणवीर सिंह मौके पर पहुंच गए।