Budaun News: हाईटेंशन लाइन से छूने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, जिंदा जला चालक
बदायूं। सिविल लाइंस इलाके में बुधवाई रोड पर सोमवार सुबह 8:30 बजे हाईटेंशन लाइन से छूने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट आ गया। इससे आग लग गई। चालक शिव सिंह (30) की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने उपकेंद्र पर कॉल करके बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद चालक के शव को ट्रैक्टर से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कादरचौक निवासी शिव सिंह गांव के ही ब्रजेश कुमार के ट्रैक्टर-ट्रॉली से भाड़े पर रेत ढोने का काम करते थे। सोमवार सुबह शिव सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली में गंगा से रेत भरकर बुधवाई रोड पर पहुंचे थे। यहां एक लॉन के नजदीक प्लॉटिंग का कार्य चल रहा है। वहीं उन्हें रेत उतारना था। वह खाली जगह में रेत उतारने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रहे थे तभी ट्रॉली में लगा एंगिल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया।
हाईटेंशन लाइन जमीन से सिर्फ 8-9 फुट ही ऊंची है। हाईवोल्टेज करंट से ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई। शिव सिंह ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रैक्टर से नहीं कूद पाए। करंट से वह बुरी तरह जल गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद से शिव सिंह के परिवार में कोहराम मचा है।