Budaun News: सफर में खुद सजग रहिए… ब्लैक स्पॉट पर हादसे रोकने के नहीं इंतजाम

राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित तिराहा। संवाद
बदायूं। बदायूं-मेरठ हाईवे जिले का व्यस्तम मार्ग है। इस पर हर वक्त वाहन दौड़ते हैं। हादसे भी सबसे ज्यादा होते हैं। यूं तो हादसे रोकने के लिए बदायूं से जरीफनगर तक पांच ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं, लेकिन यहां हादसों की रोकथाम के लिए काम कुछ नहीं कराया गया है। हादसों की सबसे बड़ी वजह तेज रफ्तार है। हाईवे पर कोई ट्रामा सेंटर भी नहीं है। हादसा होने पर घायलों को बदायूं या अलीगढ़ ले जाना पड़ता है।
बदायूं-मेरठ हाईवे पर शहर से लेकर जरीफनगर इलाके तक पांच ब्लैक स्पॉट चिह्नित हैं। पहला ब्लैक स्पॉट राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा है। यहां आए दिन हादसे होते हैं। कुछ दिन पहले एआरटीओ प्रवर्तन, यात्रीकर अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने शहर से लेकर उझानी तक हाईवे का सर्वे किया था।
इसमें भी राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहे को ब्लैक स्पॉट चिह्नित किया गया। दो साल से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा ब्लैक स्पॉट बना हुआ है, लेकिन अभी तक इस पर सुधार नहीं कराया गया है। यहां तेज रफ्तार का मतलब मौत है। इससे आगे मुजरिया चौराहा और कौल्हाई पर भी ब्लैक स्पॉट घोषित हैं। यह ऐसे स्थान हैं, जहां हर माह दो-चार हादसे होते रहते हैं। यहां भी तेज रफ्तार का मतलब मौत है। हाईवे पर जरीफनगर थाना क्षेत्र में भी दो ब्लैक स्पॉट हैं। इनमें एक खंदक और दूसरा उस्मानपुर है। इनमें उस्मानपुर सबसे बड़ा ब्लैक स्पॉट है। यहां भी महीने में दो-चार हादसे हो जाते हैं।
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में उपचार की व्यवस्था
– बदायूं-मेरठ हाईवे पर राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को छोड़कर उचित इलाज का कोई केंद्र नहीं है। हालांकि उझानी, सहसवान और दहगवां में घायलों का प्राथमिक उपचार कराया जा सकता है लेकिन यहां गंभीर घायलों का उपचार नहीं होताये हु। उन्हें मरहम पट्टी करके जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज फिर अलीगढ़ रेफर कर दिया जाता है।
अक्तूबर से अब तक चार लोगों की मौत
– अक्तूबर 2022 को बदायूं-मेरठ हाईवे पर सहसवान कोतवाली इलाके में मचौना की मढ़ैया के पास कार डिवाइडर से टकराकर खाई में पलट गई थी, इसमें संभल जिले के रजपुरा निवासी सोहेल अहमद (30), उनकी मां रिहाना (50) और बहन शहनाज (25) की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी आयशा और बहनोई शानू घायल हो गए थे। हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी गई थी।
नवंबर 2021 हाईवे पर जरीफनगर थाना क्षेत्र में उस्मानपुर के नजदीक कादराबाद निवासी सोहेल की बाइक डिवाइडर के पास लगे रेत के ढेर से टकराने के बाद फिसलकर गिर गई थी। इससे सोहेल की मौके हो गई थी।