Budaun News: 16 आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा कायाकल्प, प्ले ग्रुप जैसी मिलेंगी सुविधाएं
बदायूं। आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों को प्ले ग्रुप स्कूल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए हर विकास खंड के एक-एक आंगनबाड़ी केंद्र को संवारा जा रहा है। यह केंद्र ई-लर्निंग के रूप में संचालित होंगे। इसमें दिव्यांग शौचालय, हैंडवॉश, टाइल लगाने समेत 18 मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। इसको लेकर काम तेजी से चल रहा है।
जिले में 2940 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। अधिकांश आंगनबाड़ी केद्रों पर सुविधाओं की कमी है, लेकिन अब शासन की मंशा है कि इन बेहतर किया जाएगा। ऐसे में शासन ने लार्निंग लैब के रूप में आंगनबाड़ी केंद्रों को बदलने का निर्णय लिया है। ऐसे के प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक आंगनबाड़ी केंद्रों का चयन किया गया है।
यहां पर बच्चों को बेहतर आधुनिक शिक्षा दी जाएगी। इसके तहत यहां पर 18 मूलभूत सुविधाएं पूरी करायी जाएगी। जिससे इन केंद्रों के बच्चों के साथ ही अन्य लाभार्थियों को भी फायदा मिलेगा। हालांकि सभी काम को संबंधित ग्राम पंचायत 15वें वित्त, राज्य वित्त आयोग, मनरेगा सहित अन्य विभाग से मिलने वाली धनराशि से कराएंगे।
कमरों में होगी थ्री डी वाॅल पेंटिंग
जिन आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प हो रहा है, उनके कमरों में थ्री डी वाल पेंटिंग कराई जाएगी। आकर्षक चित्र भी बनाए जाएंगे। साथ ही बच्चों के लिए गणित, हिंदी, अंग्रेजी के शब्द पेंट कराए गए हैं। जिन्हें देखकर वह आसानी से पढ़ सके।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बनेगा बाल मैत्रिक शौचालय
-आंगनबाड़ी केंद्रों में जिन 18 बिंदुओं पर कायाकल्प किया जा रहा है, उनमें कक्षा कक्ष में ब्लैक व ग्रीन बोर्ड, सेंटर में रंगाई पुताई व वॉल पेंटिंग, रसोई घर में सिंक के साथ रनिंग वाटर, शौचालयों, मूत्रालय का अलग-अलग निर्माण, रेलिंग युक्त रैंप, फर्श पर टाइल लगाना, गेट के साथ चहारदीवारी, मल्टीपल हैंड वाशिंग यूनिट, बाल मैत्रिक शौचालय आदि के कार्य शामिल हैं।