Budaun News: 70 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला डाॅक्टर से कराई जा रही कैंपों में नसबंदी
बदायूं। स्वास्थ्य विभाग महिलाओं की नसबंदी कराने में गंभीर लापरवाही बरत रहा है। कैंपों में 70 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला डाॅक्टर से नसबंदी कराई जा रही हैं। महिला चिकित्सक अपना नर्सिंग होम भी चला रही हैं।
जिले में स्वास्थ्य विभाग परिवार नियोजन के लिए नसबंदी शिविरों का आयोजन करता है। नियम यह है कि इनमें विभाग की ही महिला सर्जन या फिर एनजीओ से तय सर्जन से ही नसबंदी कराई जाए, ताकि किसी प्रकार अनहोनी न हो, लेकिन जिले में शासनादेश को दरकिनार कर अधिकारी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला डाॅक्टर से नसबंदी करा रहे हैं।
सेवानिवृत्त डॉक्टर अपना नर्सिंग भी चलाती हैं। प्रसव के दौरान उनसे कई केस खराब होने के मामले भी सामने आ चुके हैं, इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग लगातार शिविरों में बुलाकर उनसे नसबंदी करा रहा है। इस संबंध में परिवार नियोजन के नोडल डॉ. अब्दुल सलाम का कहना है कि मैरी स्टॉप एनजीओ के जरिए डॉक्टरों को भेजा जाता है। संस्था ने किस डॉक्टर को तैनात किया है, इसकी जानकारी नहीं है। यह संस्था की ही जिम्मेदारी है।