Shahjahanpur: सपा कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे अखिलेश यादव, 19 अक्तूबर को प्रशिक्षण शिविर को करेंगे संबोधित

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
शाहजहांपुर में जीआईसी चौराहे के पास मैरिज लॉन में आयोजित होने वाले सपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां हो रही हैं। कार्यक्रम के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 19 अक्तूबर शाम को ही शाहजहांपुर पहुंच जाएंगे। उनका पूर्व विधायकों व गणमान्य लोगों के आवास पर जाने का कार्यक्रम भी तय किया गया है।
शाहजहांपुर जिले में छह विधानसभा में करारी हार व नगर निकाय चुनाव में उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं आने पर सपा के राष्ट्रीय व प्रांतीय नेतृत्व ने जिले में फोकस करना शुरू कर दिया है। संगठन की उठापटक को खत्म करने के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।
ये भी पढ़ें- पांच साल की बच्ची से दरिंदगी: मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने ले गया पड़ोसी युवक, खंडहर में किया दुष्कर्म
लोकसभा चुनाव से पहले शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं के अंदर ऊर्जा का संचार करने के साथ जनता के बीच जाकर नीतियों को समझाने की तैयारी है। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बताया कि कार्यक्रम के लिए 19 अक्तूबर की शाम साढ़े पांच बजे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का काफिला जिले में प्रवेश करेगा।
उसके बाद वह पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, राजेश यादव, अवधेश वर्मा समेत कई नेताओं के आवास पर जाकर मुलाकात करेंगे। रात में बरेली मोड़ स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। 20 अक्तूबर को सुबह साढ़े दस बजे मैरिज लॉन में कार्यक्रम को संबोधित कर हरदोई के लिए रवाना हो जाएंगे।