Shahjahanpur: घूरे में दबा मिला नवजात का शव, हाथ निकल हुआ था बाहर; महिला के शोर मचाने पर पहुंचे लोग

घूरे में मिला नवजात शिशु का शव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जलालाबाद थाना क्षेत्र के तिकोला दुलरामई गांव में देर रात किसी ने नवजात बालक को घूरे में दफन कर दिया। नवजात के बाहर निकल आए एक हाथ को देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। गांव के कुछ लोगों ने मिट्टी हटाकर नवजात को मृत अवस्था में बाहर निकाला। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तिकोला दुलरामई गांव निवासी रामगुनी बुधवार सुबह अपने घर से कुछ फासले पर रखे बठिये से कंडा निकालने गईं थी। उसके पास ही गांव के कुछ लोग घूरा डालते हैं। कंडा निकालते समय रामगुनी की नजर घूरे पर गई, जहां एक बच्चे का हाथ दिखाई पड़ रहा था। उनके आवाज लगाने पर घरवाले तथा अन्य पड़ोसी मौके पर आ गए। नवजात शिशु के मृत शरीर को लोगों ने बाहर निकाला। गांव वालों ने आशंका जताई कि कोई रात के अंधेरे में उसे घूरे में दबा गया, लेकिन जल्दबाजी में पूरी तरह वह दब नहीं सका।
पुलिस को आशंका है कि उसे गला दबाकर मारने के बाद यहां दबाया गया था या जिंदा दफन कर देने पर नवजात की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। थाना प्रभारी हरपाल बालियान ने बताया कि अभी घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवजात की मौत का कारण भी स्पष्ट हो जाएगा। घटना को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं थी।