Shahjahanpur: पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष का दिल्ली के अस्पताल में निधन, कोरोना के बाद लिवर में हो गया था संक्रमण

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष इमरान खां (फाइल फोटो)
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में तिलहर नगर पालिका अध्यक्ष हाजरा बेगम के पति और पूर्व अध्यक्ष इमरान खां (48) का मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। निधन की खबर से लोगों का हुजूम उनके आवास पर उमड़ पड़ा। अध्यक्ष के पति की मौत की खबर पर नगर पालिका में अवकाश कर दिया गया। उनका शव दिल्ली से देर शाम यहां पहुंचेगा।
पूर्व अध्यक्ष इमरान खान कोरोना की चपेट में आने के बाद अक्सर बीमार रहते थे। उनके लिवर में संक्रमण होने की वजह से उनका लगातार इलाज चल रहा था। रविवार की रात थोड़ी बेचैनी हुई। सोमवार को सुबह 11 बजे वह अपने कुछ लोगों के साथ डॉक्टर को दिखाने बरेली गए। बरेली में इलाज के दौरान उनकी हालत देर शाम तक बिगड़ने लगी। रात 11 बजे उन्हें वेंटिलेटर पर लेकर एंबुलेंस से दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया।
रात 2:30 बजे अपोलो पहुंचने के बाद इलाज शुरू हुआ। बताते हैं कि सुबह उनका बीपी और शुगर लेवल डाउन होता चला गया। मंगलवार सुब 11 बजे इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। इमरान खान अपने पीछे पत्नी हाजरा बेगम, 18 वर्षीय पुत्री दाफिया, 16 वर्षीय पुत्र नोमान और 14 वर्षीय पुत्र रेहान को रोता बिलखता छोड़ गए हैं।