Shahjahanpur News: मेडिकल कॉलेज में 12 और सीएचसी पर 80 बेड आरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 10 Nov 2023 12:49 AM IST
शाहजहांपुर। दिवाली के धूम-धड़ाके के बीच अनहोनी की स्थिति में राजकीय मेडिकल कॉलेज में 12 और जिले की 16 सीएचसी पर पांच-पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। कर्मचारियों की छुट्टियों को निरस्त कर पर्याप्त दवा और इंजेक्शन आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। दावा है कि त्योहारों पर स्वास्थ्य इकाइयों पर आने वाले मरीजों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
दिवाली पर पटाखों के धुएं के चलते सांस के मरीजों को दिक्कत होने लगती है। इसी तरह पटाखों से झुलसने के मरीज भी काफी ज्यादा आते हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में 12 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बर्न वार्ड, सर्जरी विभाग को सतर्क कर दिया गया है। सांस के रोगियों के लिए भी अलग से व्यवस्था की जाएगी। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मरीजों के लिए पर्याप्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने प्रत्येक सीएचसी पर पांच-पांच बेड को आरक्षित किया है।
सीएमओ ने जारी किए चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश : सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने चिकित्सा अधीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सांस के रोगियों के उपचार की व्यवस्था कराने पर जोर दिया। बताया कि सभी जांच और पैथोलॉजी के उपकरण क्रियाशील रहे। एंबुलेंस भी चलेगी। इसी तरह चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ को त्योहार पर अपरिहार्य कारणों के अलावा अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।