Shahjahanpur News: मालगाड़ी के आगे कूदकर 12वीं की छात्रा ने दी जान

मृतक सुगंधा का फाइल फोटो
तिलहर। थाना क्षेत्र के गांव रजाकपुर निवासी डॉ. प्रमोद गंगवार की बड़ी बेटी सुगंधा गंगवार (17) ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। वह एक कोचिंग पढ़कर दूसरी कोचिंग जा रही थी। छात्रा की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया।
सुगंधा गंगवार नगर के सरला देवी इंटर कॉलेज में 12वीं विज्ञान वर्ग की छात्रा थी। वह रोज की तरह बृहस्पतिवार को दो बजे नगर के मोहल्ला बहादुरगंज में विज्ञान की कोचिंग पढ़ने गई थी। यहीं से उसे इंग्लिश की कोचिंग पढ़ने जाना था। वह कोचिंग जाने के बजाय साइकिल से रेलवे फाटक पर जा पहुंची और लगभग तीन बजे अपलाइन पर आ रही मालगाड़ी के आगे कूद गई। मालगाड़ी से सिर टकराने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खबर मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर, खबर मिलते ही परिजन और कोचिंग की साथी छात्राएं भी मौके पर पहुंच गईं। परिजन छात्रा के आत्महत्या करने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।