Shahjahanpur News: डीपीएस राठौर सहित 14 संचालकों ने भरे पर्चे

जिला सहकारी बैंक के संचालक के पदों पर नामांकन करने के बाद प्रसन्न मुद्रा में डेलीगेट।संवाद
शाहजहांपुर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड में संचालक (डायरेक्टर) के 14 पदों पर एकल नामांकन हुए। सभी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। जिला सहकारी बैंक के कचहरी स्थित मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व त्रिभुवन के समक्ष नामांकन प्रपत्र प्रस्तुत किए गए।
निर्वाचन क्षेत्र कांट से निवर्तमान सभापति डीपीएस राठौर ने अपना नामांकन दाखिल किया। वह कांट संघ से बैंक के डेलीगेट चुने गए थे। निगोही ब्लॉक के हसौआ ग्राम के मूल निवासी निवर्तमान उपाध्यक्ष अजय कुमार प्रजापति ने वृत्तिक क्षेत्र से संचालक पद पर अपना नामांकन किया। इसके अलावा संचालक पद पर निर्वाचन क्षेत्र सिंधौली से पूनम, ब्रजेश मिश्रा, कलान से नीतू भूपेंद्र सिंह, ददरौल से रमाकांत दीक्षित, अन्य वृत्तिक क्षेत्र से दिव्यांश कोविद सिंह, अनुराग कठेरिया, खुटार से देवनारायण मिश्र, पुवायां से खुशबू गुप्ता, तिलहर से संदीप गंगवार, बंडा से अरुण कुमार सिंह, मिर्जापुर पिछड़ा सीट पर कृष्ण कुमार वर्मा, अंशुमन मैसी और अनुसूचित वर्ग के आरक्षित सीट से रोशनी देवी ने नामांकन किया। नामांकन करने के पश्चात सेठ इंक्लेव में सभापति के कैंप कार्यालय पर संचालक पद के उम्मीदवारों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्र ने कहा कि 23 जून को बैंक सभापति और उप सभापति भी निर्विरोध चुने जाएंगे।
इस दौरान पूर्व डीसीबी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भन्नू, पूर्व बैंक संचालक ब्रजेश कुमार मिश्र ,पूर्व जिला पंचायत सदस्य केके सिंह, महानगर महामंत्री अंशुल सिंह चौहान, प्रियान्शू रघुवंशी, अवधेश तोमर, पार्षद रामबरन सिंह चंदेल, राकेश भदौरिया, रामनरेश प्रजापति, अभय सिंह सोमवंशी, अजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे ।