Shahjahanpur News: 193.81 लाख रुपये से बनेगा वरिष्ठ देखभाल केंद्र
शाहजहांपुर। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत स्वास्थ्य और शिक्षा के मद से नगर निगम बुजुर्गों के लिए वरिष्ठ देखभाल केंद्र (सीनियर केयर सेंटर) बनवाएगा। यहां बुजुर्गों को मनोरंजन के साथ सेहत संबंधित सुविधाएं मिल सकेंगी। हालांकि, अभी जगह का चिह्नीकरण नहीं किया गया है।
परियोजना के लिए 193.81 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद इसका निर्माण कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को सौंपा गया है। इस देखभाल केंद्र पर रसोई और केयर टेकर की व्यवस्था की जाएगी जहां अपनी इच्छा के अनुसार बुजुर्ग चाय, पानी और अन्य खानपान की चीजें बनवा सकेंगे। इस सुविधा के लिए महीने में कुछ शुल्क भी देना होगा। शुल्क कितना होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ देखभाल केंद्र बुजुर्ग महिलाओं के लिए भी होगा। उनकी मांग पर केंद्र में उनके बैठने की अलग से व्यवस्था की जाएगी।
ये सुविधाएं मिलेंगीं : देखभाल केंद्र में बुजुर्गों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगवाए जाएंगे, जिसमें नेत्र, चर्म, पेट, गैस और लीवर आदि के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। बुजुर्गों के मनोरंजन के लिए टीवी भी लगवाई जाएगी। बुजुर्गों के साथ आने वाले बच्चों के लिए निगम की ओर से खेलों का भी प्रबंध किया जाएगा। ओपन जिम की भी सुविधा होगी।
रोडवेज की बसों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
सुरक्षित शहर परियोजना के तहत नगर निगम में महिलाओं के साथ बुजुर्गों की सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की जाएगी। इसके लिए बसों में सीसीटीवी कैमरों के साथ पैनिक बटन लगाने के लिए स्थान चिह्नित किया जाना है। इनमें परिवहन विभाग और सिटी बस सेवा की बसें भी शामिल हैं। हालांकि, सिटी बस सेवा की अधिकांश ई-बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगे भी हैं।
राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत शहर में वरिष्ठ देखभाल केंद्र बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए 193.81 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के माध्यम से निर्माण करवाया जाएगा जिससे बुजुर्गों को स्वास्थ्य और मनोरंजन संबधित सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगीं।
– आशीष त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता निर्माण, नगर निगम