Shahjahanpur News: महापौर के निर्दलीय समेत चेयरमैन पद के 24 प्रत्याशियों ने मैदान छोड़ा
शाहजहांपुर। नगर निकाय चुनाव में महापौर पद के एक निर्दलीय प्रत्याशी के अलावा चेयरमैन पद के 23 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है। वहीं नगर निगम के 32 पार्षद प्रत्याशियों के अलावा सभासद पद के 147 प्रत्याशियों ने भी मैदान छोड़ दिया है। सभी पदों के कुल 203 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं। अब महापौर पद के लिए आठ और चेयरमैन पद के लिए 150 प्रत्याशी चुनावी दंगल में ताल ठोकेंगे।
नगर निगम महापौर पद की निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति राठौर ने अपना नाम वापस ले लिया है। अब नगर निगम महापौर पद के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। नगर निगम पार्षद पद के 32 प्रत्याशियों के नाम वापस ले लेने पर अब 408 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के 40 में से छह प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं। अब 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पालिका के सभासद पद के 47 प्रत्याशियों ने भी अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। अब 381 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 17 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए हैं। पहले इनकी संख्या 135 थी, जो अब 116 रह गई है। नगर पंचायत सभासद पद के 100 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। पहले प्रत्याशियों की संख्या 869 थी, जो अब 769 रह गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शुक्रवार को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
पुवायां में तीन, बंडा में चार प्रत्याशियों ने वापस लिए नामांकन
पुवायां। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए दाखिल कुल 14 नामांकन में से तीन निर्दलीय प्रत्याशियों सर्वेश पांडे, कुलदीप प्रकाश और विकास गुप्ता ने नाम वापस ले लिया है। अब 11 प्रत्याशी किस्मत आजमाएंगे। इनमें भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता, सपा समर्थित प्रत्याशी गोपाल अग्निहोत्री, कांग्रेस से कमलकांत, बसपा से विजयपाल शामिल हैं। बाकी सात निर्दलीय हैं। भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता के सामने भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गंगाराम मिश्रा भी निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं।
खुटार। नगर पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। यहां 16 महिलाओं ने नामांकन कराया था। इनमें दो का नामांकन खारिज हो गया। बृहस्पतिवार को किसी ने नाम वापस नहीं लिया। अब यहां से 14 महिलाएं अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं।
बंडा। नगर पंचायत के लिए पहली बार हो रहे चुनाव में अध्यक्ष पद अनारक्षित है। यहां से 19 लोगों ने नामांकन कराया था। दो नामांकन खारिज हो गए थे। बृहस्पतिवार को संतोषी देवी, रोहित सिंह, रीमा पांडे, जसरूद्दीन ने नाम वापस ले लिए। अब 13 उम्मीदवारों के बीच अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला होगा।
जलालाबाद में 18 प्रत्याशी मैदान में
जलालाबाद। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल कादिर खां, संजीव मिश्र एडवोकेट और सुमन ने अपने पर्चे वापस ले लिए। इसके बाद अब यहां अध्यक्ष पद के 18 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। अल्हागंज नगर पंचायत में किसी ने पर्चा वापस नहीं लिया। यहां सभी आठ प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
तीन बजे अटकलों पर लगा विराम
जलालाबाद से अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी संजय पाठक और मनेंद्र गुप्ता का नामांकन वापस कराने के लिए दो दिनों से जोर आजमाइश चल रही थी, लेकिन बात नहीं बनी। निवर्तमान चेयरमैन मनेंद्र गुप्ता का टिकट काटकर भाजपा ने मनमोहन द्विवेदी को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद मनेंद्र गुप्ता ने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल कर दिया। दूसरे प्रत्याशी पूर्व चेयरमैन संजय पाठक भाजपा प्रत्याशी के स्वजातीय हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि सत्तारूढ़ भाजपा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को बढ़त दिलाने के लिए इन दोनों के नाम वापसी के लिए कोई कोर कसर बाकी नही रखेगी।
तिलहर नगर पालिका से पांच प्रत्याशी मैदान में
तिलहर। नाम वापसी के बाद तिलहर, कटरा, खुदागंज और निगोही में अध्यक्ष पद के लिए 53 और सदस्य पदों पर 473 प्रत्याशियों का लड़ना तय है। छह प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद मीरानपुर कटरा नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए 22 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। तिलहर नगरपालिका से अध्यक्ष पद के पांच दावेदार हैं। इनमें भाजपा प्रत्याशी निर्मला गुप्ता, समाजवादी पार्टी से हाजरा बेगम, राष्ट्रीय कांग्रेस से चांद मियां, एआईएमआईएम से शब्बन और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शायरा चुनाव मैदान में है। निगोही नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक 24 उम्मीदवार मैदान में हैं। खुदागंज नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और सपा प्रत्याशी ही मैदान में हैं। नाम वापसी के बाद सभासद पदों के लिए तिलहर से 146, मीरानपुर कटरा से 110, खुदागंज से 49 और निगोही से 168 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।