Shahjahanpur News: शिव का जलाभिषेक कर मांगी मनौती

विश्वनाथ मंदिर में शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाते शिवभक्त। संवाद
शाहजहांपुर। सावन मास के चौथे सोमवार को श्रद्धालुओं ने शिवालयों में महादेव का जलाभिषेक कर उन्हें प्रसन्न किया। इस दौरान शिवालय हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठे। सोमवार के चलते शिवालयों में होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखकर पुलिस कर्मी भी तैनात रहे।
चौथे सोमवार को नगर के लाला तेली बजरिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर, टाउन हाल में बाबा विश्वनाथ मंदिर, पोस्ती पाकड़ पर बाबा वनखंडी नाथ मंदिर, चौक के चौकसी नाथ मंदिर, इंदिरा नगर कॉलोनी सिविल लाइन में नीलकंठ महादेव मंदिर, पैना स्थित बाबा त्रिलोकी नाथ धाम समेत सभी शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगना शुरू हो गई थी।
भक्तों ने फल, फूल, बेलपत्र आदि से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद जल, दूध, दही, घी, शहद आदि से शिवलिंग का अभिषेक किया और सुख, शांति व समृद्धि के लिए कामना की। मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक भगवान शिव की जय-जयकार के स्वर गूंजते रहेंगे। कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को कतार में खड़े होकर घंटों अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा भीड़ हर बार की तरह पैना स्थित शिव त्रिलोकी नाथ धाम पर रही। इसी तरह से कलान के पटना देवकली मंदिर, बंडा के सुनासिर नाथ धाम, गोगेपुर में प्राचीन शिव मंदिरों पर भी आसपास के साथ ही दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे। कई मंदिरों के बाहर मेला लगा।
डीजे पर भोले के भजनों पर झूमते-नाचते निकले कांवड़िये
शाहजहांपुर। सावन के चौथे सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ दोगुना रही। रविवार को शहर से फर्रुखाबाद स्थित घटिया घाट पहुंचे कांवड़िये गंगाजल भरकर सोमवार को सुबह ही वापस आए और गोला गोकर्णनाथ के लिए रवाना हो गए। सोमवार को सुबह से ही कांवड़ियों के जत्थे सड़कों पर गुजरने लगे। हर ओर केसरिया रंग में रंगे कांवड़िये ही दिखाई दे रहे थे। शहर के हथौड़ा चौराहा (सुभाष चौक), बरेली मोड़ पर कांवड़ियों के जत्थे दिखाई पड़े। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर डीजे की धुन पर झूमते-नाचते कांवड़िये शिव की भक्ति में लीन नजर आए। यातायात को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन किया गया था। संवाद