Shahjahanpur News: इस्लामनगर में 88 रोगियों का परीक्षण कर दी गई दवा

मिर्जापुर के इस्लामनगर गांव में रोगियों का परीक्षण करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
मिर्जापुर। गंगा की बाढ़ उतरने के बाद गांवों में संक्रामक रोग फैल रहे हैं। बुधवार को इस्लामनगर में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। एसीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ और सीएचसी प्रभारी डॉ. आदेश रस्तोगी के निर्देशन में शिविर में कुल 88 रोगियों का परीक्षण कर दवा दी गई।
सीएचसी जरियनपुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदेश रस्तोगी ने बताया कि इस्लामनगर में लगाए गए शिविर में बुखार के आठ रोगियों की मलेरिया, दो की डेंगू, चार की टाइफाइड और 18 रोगियों की डायबिटीज की जांच की गई। रैपिड जांच में कोई पॉजिटिव नहीं मिला। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि बाढ़ क्षेत्र के एक-एक गांव में दो से तीन बार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। गांवों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराकर हैंडपंपों में क्लोरीन की टेबलेट डालकर पेयजल को शुद्ध किया जा रहा है।

