Shahjahanpur News: ऑफिसर्स कॉलोनी की सुरक्षा में सेंध, एसडीएम के बंगले में चोरी
शाहजहांपुर। चोरों ने ऑफिसर्स कॉलोनी की सुरक्षा में सेंध लगा दी। तिलहर की एसडीएम रहीं राशि कृष्णा के बंगले में पीछे से चोरों ने प्रवेश कर चोरी कर ली। दोपहर में सूचना आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सीओ बीएसए वीर कुमार और सदर पुलिस ने मौका-मुआयना किया।
एसडीएम राशि कृष्णा का तबादला 15 दिन पहले बदायूं हो चुका है, लेकिन उन्होंने अभी ऑफिसर्स कॉलोनी का अपना बंगला खाली नहीं किया है। बंगले की जिम्मेदारी नौकर को दे रखी थी। वह मुख्य दरवाजे की ओर बने कमरे में लेटा था। चोरों ने बंगले के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखा सामान ले गए। दोपहर में पीछे का दरवाजा खुला देखकर नौकर अंदर गया तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत सदर पुलिस को खबर दी। इंस्पेक्टर रीतेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। नौकर से जानकारी ली।
सीओ सिटी बीएस वीर कुमार ने भी मौके का मुआयना किया। इसके बाद एसडीएम राशि कृष्णा को पूरे मामले की जानकारी दी गई। बताते हैं कि चोर नकदी व ज्वैलरी ले गए हैं। चोरों ने कितने का माल उड़ाया है, यह एसडीएम के आने के बाद स्पष्ट होगा। हालांकि, एसडीएम लाखों रुपये की चोरी होने की बात कह रहीं हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए, घर की तलाशी ली
-एसडीएम के बंगले में चोरी के बाद फोरेंसिक विभाग की टीम ने नमूने लिए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए हैं। इसके बाद बंगले की गहनता से तलाशी ली। बताते हैं कि चोर नल की टोटियां तक ले गए हैं। कुछ औजार भी पड़े मिले हैं। पुलिस ने चोरों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
-एसडीएम राशि कृष्णा का तबादला होने के बाद कुछ सामान रह गया था। चोरी के बाद मौके पर जाकर मुआयना किया था। जल्द ही चोर गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।- बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी