Shahjahanpur News: बेटी पर जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार

आरसी मिशन पुलिस के हिरासत में आरोपी सोनू दीक्षित। पुलिस
चाची से विवाद होने पर बीचबचाव के लिए आगे आ गई थी बेटी अनुपम
संवाद न्यूज एजेंसी
भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव कनेंग में बेटी को गड़ासे से ताबड़तोड़ प्रहार कर घायल करने के आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद हो गया है। मामले में आरोपी के सगे भाई की ओर से हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव कनेंग निवासी विपिन दीक्षित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका भाई सोनू दीक्षित आठ सितंबर की रात करीब 8:30 बजे नशे की हालत में उनकी पत्नी सुधा से झगड़ा कर रहा था। विवाद बढ़ने पर गड़ासा लेकर आ गया। चाची से झगड़ा होता देखकर सोनू की बेटी अनुपम उर्फ बिट्टू ने जब रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने ताबड़तोड़ कई वार कर उसे घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची पीआरवी ने थाना रामचंद्र मिशन पुलिस को घटना की सूचना दी। इंस्पेक्टर आरसी मिशन अरविंद सिंह चौहान ने घायल किशोरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शनिवार को आरोपी सोनू दीक्षित को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
–
खून सवार था सोनू पर, चाचा न बचाता तो बेटी को मार डालता
गांव कनेंग में बेटी पर गड़ासे से ताबड़तोड़ वार करने वाले सोनू के सिर पर खून सवार था। नशे की हालत में भाई विपिन दीक्षित की पत्नी सुधा से झगड़ा होने के बाद वह गुस्से में गड़ासा उठा लाया था। पहला वार किया तो बचाव के लिए अनुपमा ने हाथ आगे कर दिया। वार इतना तेज था कि उसके हाथ की हड्डी तक कट गई। दूसरा वार उसने सिर पर किया तो अनुपमा लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ी। विपिन और अन्य परिवार वालों ने दौड़कर सोनू को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर आरसी मिशन अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इससे पूर्व सोनू अपने पिता के साथ भी कई बार मारपीट कर चुका था। पिता कृष्ण मुरारी दीक्षित ने थाने में आकर शिकायत भी की थी।