Shahjahanpur News: चेन-कुंडल छीनने का आरोपी हरदोई में गिरफ्तार

लूट का आरोपी वीरेश उर्फ शिवा
भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन और हरदोई की शहर कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से रेन स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने हरदोई में तीन और थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के पक्के पुल पर महिला के कुंडल लूटे जाने की घटना स्वीकार की है। आरोपी की गिरफ्तारी हरदोई में हुई है। आरसी मिशन पुलिस उसे रिमांड पर लेकर महिला से लूटे गए कुंडल बरामद करेगी।
20 जुलाई को थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव कैलहा निवासी महावीर अपनी पत्नी फूलमती के साथ यहां केरूगंज में खरीदारी करने आए थे। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के पक्के पुल के पास हेलमेट लगाकर आए बाइक सवार ने फूलमती के कान से सोने का कुंडल नोंच लिया और पुत्तू लाल चौराहे की ओर भाग गया। मामले में महावीर की ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
इंस्पेक्टर आरसी मिशन अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई जिलों में तलाश की गई। जांच में पता चला कि हरदोई में भी इस तरह की घटनाएं हुईं हैं जो कि सीसीटीवी कैमरे में कैद हैं। हरदोई शहर कोतवाली पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस ने आरोपी वीरेश उर्फ शिवा उर्फ बृजेश राठौर निवासी गांव अख्तियारपुर थाना शाहबाद जनपद हरदोई को हरदोई में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए अकेले ही वारदात को अंजाम देता है। आरोपी के खिलाफ इससे पूर्व भी जनपद हरदोई तथा शाहजहांपुर में लूट एवं चोरी के विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।