Shahjahanpur News: महिला की मौत के मामले में पति पर होगी कार्रवाई
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर निवासी राकेश की पत्नी लक्ष्मी (35) की बुधवार को पेट में गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस को महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है, जिसके मुताबिक पुलिस महिला के पति पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
बुधवार को लक्ष्मी के पेट में संदिग्ध हालात में गोली लग गई थी। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। पति ने पेट में गांठ होने के चलते आत्महत्या की बात कही थी। उधर, मृतका के मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया था, पर उन्होंने थाने पर कोई तहरीर नहीं दी थी।
विवाहिता की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस के पास पहुंच गई। इसमें शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। रिपोर्ट में मामला संदिग्ध मिला है। तहरीर न आने के कारण पुलिस अब भी मामले को आत्महत्या ही मान रही है। पुलिस ने लक्ष्मी के मृत्यु से पूर्व वीडियो में दिए बयान को आधार बनाया है। दूसरी ओर पुलिस तमंचा रखने के मामले में लक्ष्मी के पति राकेश पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी से इन्कार कर दिया। बोले कि तहरीर आने पर मामले की जांच की जाएगी।