Shahjahanpur News: मच्छरों से नहीं निपट सका प्रशासन, 14 दिन में 14 लोगों की गई डेंगू से जान
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 15 Oct 2023 12:43 AM IST
शाहजहांपुर। मच्छरों से निपटने को लेकर बेहतर कार्ययोजना तैयार नहीं करने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सफाई और फाॅगिंग नहीं कराने की वजह से डेंगू और बुखार से लगातार लोगों की जानें जा रही हैं। बावजूद सफाई और फाॅगिंग को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस माह 14 लोगों की जान जा चुकी है।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की कार्ययोजना के दौरान विभागों को जिम्मेदारी बांटी गई थी। उसके बाद भी बेहतर तरीके से डेंगू-मलेरिया से निपटने को तैयारी नहीं की गई। मच्छर के चलते डेंगू-मलेरिया का प्रकोप फैलने के बाद हालात बेकाबू हो गए। लगातार बुखार और डेंगू से लोगों की मौतें हो रही हैं। इस माह 14 दिन में 14 लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है। जबकि 50 से ज्यादा लोगों ने बुखार से दम तोड़ा होगा। जबकि सरकारी आंकड़ों में डेंगू के 98 और मलेरिया के 453 मरीज दर्ज हैं। जबकि मौतों की संख्या शून्य बताई गई है। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग अपना काम कर रहा है। सीएचसी-पीएचसी पर मरीजों का उपचार के साथ दवा दी जा रही है। जबकि प्रभावित इलाकों में कैंप भी लगाए जा रहे हैं। फागिंग व एंटी लार्वा के छिड़काव व सफाई का काम दूसरे विभागों को दिया गया है।
इस माह डेंगू से हुई मौतें
02 अक्तूबर कांट के केले वाली चौपाल निवासी विकास शर्मा के पुत्र मयूर शर्मा से डेंगू से मौत हो गई थी।
-03 अक्तूबर मीरानपुर कटरा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सुकेश गुप्ता के भाई मुकेश गुप्ता की मौत हो गई।
– कलान के वार्ड नंबर तीन के सफाई कर्मचारी सर्वेश की पत्नी प्रीति ने भी डेंगू के चलते दम तोड़ दिया।
-04 अक्तूबर पुवायां के नगर पालिका सभासद विनय मिश्रा के भाई अजय मिश्रा की मृत्यु हुई थी।
-05 अक्तूबर को पुवायां के राजीवनगर निवासी मीरा देवी व खुटार के देव पांडेय ने दम तोड़ दिया था।
-06 अक्तूबर को मीरानपुर कटरा के जूता व्यापारी उवैस की डेंगू के चलते मौत हो गई।
07 अक्तूबर को पुवयां के बिलसड़ी बुजुर्ग निवासी सोनू की डेंगू के चलते मृत्यु हो गई थी।
08 अक्तूबर को पुवायां के तिराहा बाजार निवासी सुधीर गुप्ता मृत्यु हुई। पांच अन्य ने बुखार के चलते दम तोड़ दिया।
09 अक्तूबर को परौर के कुबेरपुर निवासी रामकुमार की डेंगू व पांच अन्य की बुखार से मौत हुई।
12-अक्तूबर को मिर्जापुर के ढाई निवासी अनुपमा शर्मा व तिलहर के कांकड़ निवासी हसीन की डेंगू के चलते मौत हो गई।
13 अक्तूबर को कलान के परौर रोड निवासी अजीत व मिर्जापुर के रामदास मिश्रा की डेंगू से मौत हो गई।
शनिवार को मरीजों की स्थिति
8891 मरीजों को स्वास्थ्य इकाइयों पर देखा गया
1908 मरीजों की जांच की गई
1908 लोगों की स्क्रीनिंग में एक मलेरिया का रोगी मिला। डेंगू का मरीज नहीं मिला।

