Shahjahanpur News: प्रवेश की मारामारी होगी खत्म, नए सत्र में तैयार होंगे छह नए विद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 21 Dec 2023 12:21 AM IST
शाहजहांपुर। शहर के बालिका कॉलेजों में छात्राओं के प्रवेश के लिए होने वाली मारामारी नए सत्र से खत्म होने की उम्मीद है। अजीजगंज में डैम के आगे अल्पसंख्यक विभाग की ओर से बनवाए गए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। इसके अतिरिक्त जिले के पांच अन्य विद्यालय भी नए सत्र से शुरू हो सकते हैं। नए कॉलेजों में करीब दो हजार छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल सकेगा।
बालिका शिक्षा के लिए नगर में आर्य महिला इंटर कॉलेज, आर्य कन्या पाठशाला, जीजीआईसी और नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज का संचालन होता है। हर साल इन कॉलेजों में छात्राओं के प्रवेश को लेकर मारामारी रहती है। निजी स्कूलाें में अधिक फीस के चलते छात्राएं प्रवेश नहीं ले पातीं। ऐसे में उन्हें बीच में ही पढ़ाई छोड़नी पड़ती है। इस समस्या को खत्म करने के लिए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बालिका काॅलेज की कार्ययोजना को शुरू कराया था। अजीजगंज में डैम के आगे छह बीघा जमीन की तलाश कर अल्पसंख्यक विभाग से बजट जारी होने के बाद वर्ष 2018 में निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। कई चक्रों में आवंटित बजट के बाद कॉलेज का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रंग-रोगन के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त कर ली गईं हैं। बताया जा रहा है कि नए सत्र में कक्षा एक से 12 तक के छात्राओं की प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद ने बताया कि इसी माह विभाग माध्यमिक शिक्षा विभाग को कॉलेज हैंडओवर कर देगा।
पांच विद्यालयों का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत भावलखेड़ा के गांव सुजातपुर और गुलड़ा उर्फ नौगवां, मदनापुर का बबरी, कटरा-खुदागंज के रमापुर उत्तरी व खुदागंज के महोलिया में राजकीय हाईस्कूल के भवनों का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। बाकी काम भी नए सत्र से पहले पूर्ण होने की उम्मीद है। कार्यदायी संस्था यूपीसिडको ने दो माह में सुपुर्दगी में देने की बात अधिकारियों को बताई है। संभावना है कि नए सत्र में विद्यालयों में प्रवेश शुरू हो जाएंगे। इनमें कक्षा नौ व दस के छात्र-छात्राओं को शिक्षा दी जाएगी।

