Shahjahanpur News: सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत मानक के अनुसार हो

सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़क का निरीक्षण करते नगर आयुक्त संतोष शर्मा
शाहजहांपुर। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को सदर चौराहा, जीएफ कॉलेज हॉस्टल तथा बृज विहार कॉलोनी में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। सफाई कार्य को नियमित कराने के निर्देश दिए। बृजविहार कॉलोनी में सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत का कार्य सही नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए फिर से मानक के अनुसार कराने के निर्देश जारी किए।
कॉलोनी में स्थित खाली पड़े प्लॉटों पर गंदगी को देख उनके मालिकों से समन्वय स्थापित कर सफाई कराने और सफाई न होने पर नोटिस दिए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर आयुक्त ने अंटा चौराहा, खोया मंडी रोड, केरूगंज चौराहा, बहादुरगंज स्थित गल्ला मंडी के पास चल रहे सीवर लाइन के कार्य का जायजा लिया, जिसमें तेजी लाने मानक के अनुसार मरम्मत के निर्देश दिए गए।
जिला अस्पताल रोड पर अतिक्रमण हटवाया
जिला अस्पताल रोड पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया था, जिसको नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने अपनी देखरेख में हटवाया। साथ ही निर्देशित किया कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद जुलाई के पहले सप्ताह में सड़क के किनारे-किनारे सघन पौधरोपण कराया जाए। अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, अधिशासी अभियंता सिविल आशीष त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता जल निगम सुनील कुमार यादव आदि मौजूद रहे।