Shahjahanpur News: सर्पदंश के बाद झाड़फूंक में वक्त गंवाया, महिला की चली गई जान
जलालाबाद। खंडहर क्षेत्र के गांव फरीदापुर में सर्पदंश से गिरिजा देवी (50) की मौत हो गई। परिजन पहले झाड़-फूंक कराते रहे। बाद में तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
साधू कश्यप की पत्नी गिरिजा देवी 27 सितंबर की शाम करीब छह बजे घर के बाहर बंधी बकरी खोलने गई थीं। खूंटे के पास बैठे सर्प ने उन्हें हाथ में डस लिया। पता लगने पर घरवाले उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय पंखाखेड़ा व पेहना आदि गांव में ले जाकर झाड़-फूंक कराते रहे। अगले दिन दोपहर तक फायदा न मिलने पर उन्हें जलालाबाद स्थित सीएचसी लेकर पहुंचे।
बताते हैं कि यहां डॉक्टर द्वारा मना कर देने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाने के बजाय फिर से झाड़-फूंक शुरू करा दी। पति ने बताया कि देर रात उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को गिरिजा देवी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।