Shahjahanpur News: गर्रा नदी में मिला कारीगर का शव

बंडा में हादसा—सुरेंद्र का फाइल फोटो
– अजीजगंज में होने वाले शादी समारोह में खाना बनाने की बात करने निकला था घर से
– चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महमंद गढ़ी के दिनेश कश्यप के रूप में हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महमंद गढ़ी निवासी ज्ञान प्रकाश के बेटे दिनेश कश्यप (32) का शव गर्रा नदी के किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शुक्रवार सुबह में नदी में उतराता शव देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया। इस बीच महमंद गढ़ी मोहल्ले के एक व्यक्ति ने शव को देखने के बाद अवधेश कश्यप को सूचना दी। अवधेश ने अस्पताल में पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने भाई दिनेश के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
अवधेश ने बताया कि दिनेश कश्यप शादियों में खाना बनाने का काम करता था। बृहस्पतिवार की शाम को अजीजगंज में होने वाले शादी समारोह में खाना बनाने की बात करने के लिए घर से निकला था। देर रात तक न लौटने पर परिजनों ने कॉल की तो फोन स्विच ऑफ था। उसका फोन भी परिजनों को नहीं मिला है। वह नौ भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बरात से लौट रहे युवक की हादसे में मौत
बंडा। बरात से घर लौट रहे युवक की बाइक में किसी अन्य वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी में डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
गांव रनमस्तपुर बुजुर्ग निवासी शीतल कुमार का बेटा सुरेंद्र (38) बृहस्पतिवार को बंडा के गांव पडरी किशनपुर में एक बरात में शामिल होने गया था। देर रात जब वह घर लौट रहा था तो बंडा-बिलसंडा मार्ग पर पडरी किशनपुर मोड़ पर किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सुरेंद्र की मौत से पत्नी माया देवी, पुत्री राधा, पुत्र दिपांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद

बंडा में हादसा—सुरेंद्र का फाइल फोटो

